सभी विभागों के कर्मचारियों की आभा आईडी अनिवार्य, नवंबर अंत तक देना होगा प्रमाण पत्रः एडीसी नरेंद्र कुमार

तीन स्वास्थ्य अभियानों की प्रगति जांची, विभागाध्यक्षों से मांगे प्रमाण पत्र

सभी विभागों के कर्मचारियों की आभा आईडी अनिवार्य, नवंबर अंत तक देना होगा प्रमाण पत्रः एडीसी नरेंद्र कुमार

रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने सभी विभागों को अपने कर्मचारियों की 100 प्रतिशत आभा आईडी बनवाने के निर्देश दिए हैं। विभागाध्यक्ष नवंबर माह के अंत तक इस संबंध में हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र स्वास्थ्य विभाग को सौंपेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि 15 दिन बाद तीनों अभियानों की प्रगति की दोबारा समीक्षा की जाएगी।

वे मंगलवार को जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम और एनीमिया मुक्त भारत अभियान की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. कमला वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

एडीसी ने जनसंपर्क एवं जनसेवा से जुड़े विभागों को कार्यालयों में आने वाले नागरिकों की आभा आईडी बनवाने में सहयोग करने को कहा। उन्होंने शिक्षा विभाग को शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू बिक्री पर रोक लगाने तथा सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के चालान करने के निर्देश दिए।

उन्होंने महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा विभाग को स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय बनाकर एनीमिया की जांच, रोकथाम और जागरूकता अभियान तेज करने को कहा।