संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, पोस्टर व नारा लेखन से दिया जागरूकता का संदेश
हिंदू कॉलेज में संविधान दिवस पर विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक कर्तव्यों को दर्शाया
रोहतक, गिरीश सैनी। लाल नाथ हिंदू कॉलेज के राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा संविधान दिवस पर विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. अनिल कुमार तनेजा की अध्यक्षता तथा विभागाध्यक्ष डॉ. रजनी कुमारी एवं डॉ. प्रमिला यादव के मार्गदर्शन में हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय संविधान की प्रस्तावना के सामूहिक वाचन से हुआ। इसके बाद पोस्टर एवं नारा लेखन प्रतियोगिताएं आयोजित की गई, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से संवैधानिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, समानता, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
प्राचार्य डॉ. तनेजा ने कहा कि संविधान भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला है। यह नागरिकों को अधिकारों के साथ राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने विद्यार्थियों से संवैधानिक आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। अंत में डॉ. रजनी कुमारी ने आभार व्यक्त किया। इस दौरान प्राध्यापक एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Girish Saini

