सुपवा में सारंग व भारंगम महोत्सव के जरिए सोमवार से सजेगी कला की महफिल, निशुल्क रहेगा प्रवेश
कुलपति डॉ. अमित आर्य की देखरेख में तैयारियां जोरों पर।
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) के कुलपति डॉ. अमित आर्य के कुशल मार्गदर्शन में विवि में भारत रंग महोत्सव (भारंगम) के 25वें संस्करण और विवि के अपने कला महोत्सव सारंग की तैयारियां जोरों पर हैं। नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) की टीम भी नाटकों के आयोजन की तैयारियों को लेकर रोहतक पहुंच गई है। सोमवार 9 फरवरी से शुरू हो रहे इस चार दिवसीय महोत्सव में सुबह से लेकर देर सायं तक मनोरंजन की भरपूर डोज मिलेगी।
कुलपति डॉ. अमित आर्य ने बताया कि सारंग के तहत सुबह 11 से सायं 5 बजे तक लगातार एफटीवी विभाग के कोर्टयार्ड में सजे मंच पर सांस्कृतिक गतिविधियां होंगी। वहीं, शाम छह बजे से इसी विभाग के मिनी ऑडिटोरियम में नाटक का स्टेज सजेगा। नाटकों का मंचन रात आठ बजे तक होगा।
कुलपति ने बताया कि सारंग के शुभारंभ उपरांत लगातार कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने सांस्कृतिक रंगों से सजे सारंग को रंगों, विचारों, आवाजों व परंपराओं के मेले की संज्ञा देते हुए कहा कि इस दौरान प्रदर्शनियां, संवाद, स्क्रीनिंग, कार्यशाला आयोजित होंगी। साथ ही, देश के अलग-अलग राज्यों के लोक नृत्य जैसे कथक, ओडिसी, छाऊ, सत्त्रिया, भांगड़ा आदि के मंचन के साथ ही संगीतमय प्रस्तुति भी देखने को मिलेंगी।
कुलपति के अनुसार एनएसडी से बाहर पहली बार हरियाणा में भारंगम के तहत नाटक आयोजित किए जा रहे हैं, इसलिए विवि में नाटक मंचन के दौरान एनएसडी में नाटक मंचन के समय लागू रहने वाले सभी नियमों का पालन होगा। ऑडिटोरियम में 5 बजकर 45 से एंट्री शुरू होगी और नाटक के मंचन में कोई व्यवधान न हो, इसलिए 6 बजे ऑडिटोरियम के गेट बंद कर दिए जाएंगे। नाटक के लिए एंट्री पूरी तरह से निशुल्क होगी और इस दौरान किसी भी तरह की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी प्रतिबंधित होगी। भारंगम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए एनएसडी की टीम भी विवि पहुंच गई। मंच के साथ ही लाइटिंग व साउंड सिस्टम को व्यवस्थित किया जा रहा है।
कुलपति डॉ. अमित आर्य ने बताया कि इस चार दिवसीय उत्सव में 100 से अधिक कला, संस्कृति, सिनेमा, टीवी, जुडिशरी, ब्यूरोक्रेट, राजनीति व खेल जगत से जुड़े ख्याति प्राप्त लोगों के साथ बुद्धिजीवी, शिक्षाविद व समाज के अन्य प्रबुद्धजन शामिल होंगे। इनमें प्रमुख रूप से प्रसिद्ध अभिनेता यशपाल शर्मा, अभिनेत्री मेघना मलिक, गायक व सांसद मनोज तिवारी, गायिका मालिनी अवस्थी, पहलवान योगेश्वर दत्त, संग्राम सिंह, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला व रेखा शर्मा सहित अन्य नामी हस्तियां शामिल हैं।
सारंग महोत्सव के दौरान सालों से अलग-अलग जिलों में रंगमंच से जुड़ी गतिविधियां करते आ रहे और अपने अथक प्रयासों से रंगमंच को जिंदा रखने वाले प्रदेश के रंगकर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा अधिक से अधिक छात्रों को जोड़ने के लिए एक रील मेकिंग कॉम्पिटिशन भी कराया जाएगा। छात्रों को 30 से 45 सेकंड की रील तैयार करनी होगी और पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहने वाले छात्रों को क्रमशः 11 हजार, 5100 व 2100 रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

Girish Saini 

