मनाली में साहसिक गतिविधियों का रोमांच लेंगे रोहतक के 70 मेधावी विद्यार्थी
डीपीसी सुमन ने हरी झंडी दिखाकर दल को किया रवाना
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित विंटर एडवेंचर एंड नेचर स्टडी कैंप में भाग लेने के लिए रोहतक जिले के सरकारी स्कूलों के 70 मेधावी विद्यार्थी मंगलवार को मनाली के लिए रवाना हुए। जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) सुमन हुड्डा ने बस को हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि दल में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के 35 छात्र और 35 छात्राएं शामिल हैं। इनके साथ चार एस्कॉर्ट शिक्षक भी गए हैं। मनाली में 18 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले कैंप से पहले विद्यार्थी पंचकूला में रिपोर्ट करेंगे।
कैंप के दौरान विद्यार्थी ट्रेकिंग, रॉक क्लाइम्बिंग, रैपलिंग और बाधा पार करने जैसी साहसिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। साथ ही हिमालय की संस्कृति, प्राकृतिक वातावरण, वनस्पतियों और जीव-जंतुओं से रूबरू होंगे। योग, ध्यान, कैंप फायर और व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियां भी होंगी।
उपायुक्त ने कहा कि कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और टीम भावना विकसित करना है। यात्रा, ठहरने, भोजन और गतिविधियों का पूरा खर्च परिषद वहन करेगी। डीपीसी ने विद्यार्थियों को सुरक्षा निर्देशों और अनुशासन का पालन करने की हिदायत दी।

Girish Saini

