गांव बहल्बा में स्वास्थ्य शिविर में 50 ग्रामीणों की जांच
दंत, त्वचा व सामान्य रोगों के विशेषज्ञों ने दिया निःशुल्क परामर्श और उपचार।
रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव बहल्बा में बहु-विशेषज्ञता स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। शिविर में दंत चिकित्सा, त्वचा रोग और सामुदायिक चिकित्सा विशेषज्ञों ने ग्रामीणों की निःशुल्क जांच, परामर्श और उपचार किया। कुल 50 ग्रामीणों ने शिविर का लाभ उठाया।
दंत विभाग की डॉ. जागृति, डॉ. दीक्षा दुहन और डॉ. शुभदीपा पॉल ने मौखिक स्वास्थ्य की जांच के साथ मौखिक कैंसर व संभावित गंभीर रोगों की स्क्रीनिंग की। शिविर में स्केलिंग और फिलिंग समेत 17 दंत उपचार प्रक्रियाएं की गई। साथ ही, ग्रामीणों को मौखिक स्वच्छता और बचाव संबंधी जानकारी भी दी गई।
सामुदायिक चिकित्सा विभाग की डॉ. अंचल ने उच्च रक्तचाप, बुखार, गठिया, अस्थमा और अन्य सामान्य रोगों से पीड़ित मरीजों की जांच कर आवश्यक दवाएं व स्वास्थ्य परामर्श दिया। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. सुजाता ने एलर्जी और अन्य त्वचा रोगों की जांच कर उपचार एवं त्वचा देखभाल संबंधी सलाह दी। शिविर में आशा कार्यकर्ताओं ने ग्रामीणों को जागरूक कर उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Girish Saini 

