सद्भावना दिवस पर 150 ने किया रक्तदान, छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

सद्भावना दिवस पर 150 ने किया रक्तदान, छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में सद्भावना दिवस के उपलक्ष्य में एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में 150 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया, जिनमें बड़ी संख्या छात्राओं की रही। आयोजन में सद्भावना, मानवीय संवेदना, सामाजिक उत्तरदायित्व और एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना को प्रमुखता दी गई।

कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई और कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने शिविर में पहुंचकर रक्तदाताओं, एनएसएस स्वयंसेवकों और आयोजन टीम का उत्साहवर्धन किया। कुलपति ने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है। स्वस्थ व्यक्ति का स्वैच्छिक रक्तदान जरूरतमंद के जीवन की रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करते हैं।

कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने कहा कि रक्तदान मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रत्यक्ष उदाहरण है। एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अंजु गुप्ता ने कहा कि रक्तदान के जरिए युवा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी को व्यवहार में उतार रहे हैं। शिविर संयोजक डॉ. मलकीत सिंह ने रक्तदाताओं, विवि प्रशासन सहित सभी का आभार जताया। इस दौरान प्रो. योगेश छाबा, प्रो. एच.सी. गर्ग, प्रो. एम.के. शर्मा, प्रो. सुजाता सांघी, डॉ. सरीना हसीजा सहित अनेक अधिकारी, शिक्षक, शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।