150 फीट का डबल स्टोरी मंच, 200 फीट का रावण
10 अक्टूबर से शुरू होगा रामलीला महोत्सव, तैयारियां तेज
रोहतक, गिरीश सैनी। पुरानी आईटीआई मैदान पर 10 अक्टूबर से रामलीला उत्सव कमेटी द्वारा रामलीला महोत्सव एवं दशहरा मेला की शुरुआत होगी। कमेटी के मुख्य संरक्षक राजेश जैन ने आयोजन संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि उद्घाटन समारोह में पहली बार अग्र लीला और कृष्ण लीला का मंचन आकर्षण का केंद्र रहेगा।
उन्होंने बताया कि रामलीला के लिए दो करोड़ रुपये का बीमा कराया गया है। 150 फुट चौड़े डबल-स्टोरी मंच और भव्य पंडाल के साथ तीन 60×100 फुट के मंच तैयार किए जा रहे हैं। दर्शकों के लिए 10 हजार कुर्सियां और करीब 2 हजार लोगों के लिए अलग बैठने की व्यवस्था होगी। सुरक्षा के लिए 92 गार्ड, सीसीटीवी और पुलिस बल तैनात रहेगा।
मुंबई और मुरादाबाद के कलाकारों द्वारा प्रतिदिन रात नौ बजे लाइट एंड साउंड, एलईडी स्क्रीन व कोरियोग्राफी के साथ रामलीला प्रस्तुत की जाएगी। मेले में झूले, खानपान स्टॉल, झांकियां, आतिशबाजी और ड्रोन से पुष्प वर्षा भी होगी।
राजेश जैन ने बताया कि 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व पर 200 फुट के रावण, ताड़का, कुंभकर्ण व मेघनाथ के पुतलों का दहन होगा। साथ ही महोत्सव के दौरान पर्यावरण, जैविक खेती, नशामुक्ति और नागरिक जागरूकता से जुड़े संदेश भी दिए जाएंगे।
इस दौरान महामंडलेश्वर बाबा कर्णपुरी, महामंडलेश्वर स्वामी राघवेन्द्र भारती, कमेटी प्रधान सुभाष तायल, सुरेश बंसल, सन्नी निझावन, राजीव जैन, शीतल, उमा गोयल, मीनाक्षी, सहित अन्य मौजूद रहे।

Girish Saini

