नए शैक्षणिक सत्र से जीयू में 14 नए पाठ्यक्रम प्रारंभ
नए कोर्स बढ़ाएंगे स्किल और रोजगार का दायराः कुलपति डॉ. संजय कौशिक
गुरुग्राम, गिरीश सैनी। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से गुरुग्राम विवि में एनईपी-2020 के अनुरूप 14 नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, ताकि छात्रों को आधुनिक, रोजगारपरक और बहु-विषयक शिक्षा उपलब्ध हो और उनके करियर को नई दिशा मिल सके।
कुलपति डॉ. संजय कौशिक ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और गुणवत्ता को प्राथमिकता देते हुए नए शैक्षणिक सत्र से 14 नए पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे, जिनमें एमबीए (एग्जीक्यूटिव), बैचलर ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (इंडस्ट्री इंटीग्रेटेड - ट्रेवल एंड टूरिज्म), एमएससी लाइफ साइंसेज (इंटीग्रेटेड), बीएससी (आनर्स) क्लीनिकल साइकोलॉजी (आरसीआई अप्रूव्ड), प्रोफेशनल डिप्लोमा इन क्लिनिकल साइकोलॉजी (आरसीआई अप्रूव्ड), पीजी डिप्लोमा इन एजुकेशनल मैनेजमेंट एंड लीडरशिप, पीजी डिप्लोमा इन इनफार्मेशन एंड कम्युनिकेशन टेक्नोलॉजी एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इन एजुकेशन, बीकॉम (ग्लोबल), एमए इन थिएटर स्टडीज, एमएससी फॉरेंसिक साइंस, एमएससी ज्योग्राफी, एमए सोशियोलॉजी, एमए हिस्ट्री, एमएससी (डिजास्टर मैनेजमेंट) कोर्स शामिल हैं।
कुलपति ने बताया कि इन पाठ्यक्रमों को इस प्रकार डिजाइन किया गया है, जिससे छात्रों को व्यावहारिक ज्ञान, शोध के अवसर और वैश्विक प्रतिस्पर्धा के अनुरूप कौशल प्राप्त हो सकें। उन्होंने बताया कि जीयू में स्नातक (यूजी) पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी विवि की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

Girish Saini 

