बीएमयू में बीएलएस वर्कशॉप, विद्यार्थियों ने सीखा सीपीआर

बीएमयू में बीएलएस वर्कशॉप, विद्यार्थियों ने सीखा सीपीआर

रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बोहर के चिकित्सा एवं संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान संकाय के फिजियो केयर एवं पैरामेडिकल डोमेन क्लब ने आईक्यूएसी के सहयोग से बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की। कार्यशाला में विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन बचाने वाली तकनीकों का सैद्धांतिक ज्ञान देने के साथ उनका व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।

इस दौरान प्रतिभागियों को कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन (सीपीआर), बीएलएस और ऑटोमेटेड एक्सटर्नल डिफिब्रिलेटर (एईडी) के उपयोग की जानकारी दी गई। एएचए प्रमाणित बीएलएस, सीपीआर, एईडी एवं हार्ट सेवर प्रशिक्षक राजबीर सिंह ने डेमोंस्ट्रेशन के जरिए जीवन रक्षक प्रक्रियाओं की जानकारी दी और विद्यार्थियों से उनका अभ्यास कराया।

उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। सही समय पर सीपीआर और प्राथमिक सहायता किसी व्यक्ति की जान बचाने में अहम भूमिका निभा सकती है। प्रतिभागियों को आपात स्थिति का आकलन करने, तत्काल सहायता बुलाने और उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी इस्तेमाल का प्रशिक्षण भी दिया गया।

कार्यशाला की संयोजक डॉ. चारू शर्मा, सह-संयोजक डॉ. नेहा खरे और आयोजन सचिव डॉ. सुमन रही। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जीवन रक्षक तकनीकों का प्रत्यक्ष अभ्यास किया।