समाजसेवी व लोकतंत्र सेनानी दिवंगत संतोष वशिष्ठ के निधन पर विभिन्न हस्तियों ने जताया शोक

समाजसेवी व लोकतंत्र सेनानी दिवंगत संतोष वशिष्ठ के निधन पर विभिन्न हस्तियों ने जताया शोक

संयम, संस्कार व समाज सेवा के साथ संघर्षशील जीवन व्यतीत किया स्व. संतोष वशिष्ठ नेः पूर्व मंत्री रणजीत सिंह

भिवानी, गिरीश सैनी। भिवानी से निकलने वाले प्रतिष्ठित समाचार पत्र, चेतना की संस्थापिका, लोकतंत्र सेनानी व समाजसेवी दिवंगत संतोष वशिष्ठ धर्मपत्नी स्व. पं. देवब्रत वशिष्ठ के निधन पर विभिन्न राजनीतिक, धार्मिक, सामाजिकव मीडिया जगत की हस्तियों द्वारा शोक व्यक्त करने का सिलसिला जारी है।

 

हरियाणा के पूर्व मंत्री रणजीत सिंह चौटाला ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि प्रकट करते हुए कहा कि स्व. संतोष वशिष्ठ हरियाणा की उन गिनी-चुनी महिलाओं में से थी, जिन्होंने अनेक संकटों के उपरांत भी अपना संघर्षशील जीवन बड़े ही संयम, संस्कार व समाज सेवा के साथ व्यतीत किया। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 1972 में जब उनके पिता चौ. देवीलाल ने तत्कालीन मुख्यमंत्री चौ. बंसीलाल के खिलाफ तोशाम विधानसभा क्षेत्र से उप चुनाव लड़ा तो पूरे जिले में उन्हें चुनाव कार्यालय खोलने के लिए जगह नहीं मिली। उस वक्त साप्ताहिक चेतना समाचार पत्र के मालिक पं. रविंद्र नाथ वशिष्ठ, देवब्रत वशिष्ठ ने सह्दयता दिखाते हुए चेतना सदन उन्हें दिया था। उस समय चौ. देवीलाल व स्वयं उन्हें अपने परिजनों के साथ संतोष वशिष्ठ के हाथों का बना भोजन खाने का अवसर मिला था।

 

अपनी शोक संवेदनाएं प्रकट करते हुए पूर्व सांसद डा. अजय चौटाला व जजपा नेता दिग्विजय चौटाला ने कहा कि संतोष वशिष्ठ ने अपने परिवार को अनेक संकटों के बाद भी कभी पथ से विचलित नहीं होने दिया। शांति सेना के अध्यक्ष संपूर्ण सिंह ने अपनी पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संतोष वशिष्ठ समाजसेवा व धार्मिक कार्यो में सदैव बढ़-चढक़र हिस्सा लेती थी। कामरेड ओमप्रकाश ने कहा कि स्व. संतोष वशिष्ठ के जीवन में अपने परिवार की तरह राष्ट्र व राज्य हित ही सर्वोपरि रहे।

भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नंदराम धानिया ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि हमने व हमारी पार्टी के तत्कालीन नेताओं व कार्यकर्ताओं ने विभिन्न अवसरों पर उनकी गंभीरता व दूरदृष्टि का अनुभव किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. मंगलसेन भिवानी आगमन पर स्व. संतोष वशिष्ठ के हाथों का बना भोजन ही करते थे। कांग्रेस नेता संदीप सिंह, अशोक बुवानीवाला, कमल सिंह प्रधान, देवराज महता व कामरेड रवि खन्ना ने उन्हें एक समाजसेवी महिला बताते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट की। प्राचार्य संजय गोयल, हरकेश पंघाल, कौशल भारद्वाज, श्याम वशिष्ठ, सुरेंद्र शर्मा, अग्रवाल ट्रस्ट के प्रधान रामदेव तायल, उद्योगपति केके मोहता सहित विभिन्न गणमान्य लोगों ने शोक व्यक्त कर श्रद्धांजलि दी।