उपायुक्त ने किया आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर लगाई गई प्रदर्शनी देखने का आह्वान

उपायुक्त ने किया आपातकाल के 50 वर्ष पूरे होने पर लगाई गई प्रदर्शनी देखने का आह्वान

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि संविधान हत्या दिवस (25 जून) के तहत आपातकाल लगाए जाने के 50 वर्ष पूर्ण होने पर सूचना, जनसम्पर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा की ओर से लघु सचिवालय स्थित ई-दिशा केंद्रों में जन जागरूकता प्रदर्शनी लगाई गई है।

उपायुक्त ने बताया कि इस प्रदर्शनी में आपातकाल में लोकतंत्र पर हुए प्रहार से जुड़ी विभिन्न घटनाओं के संस्मरणों को प्रदर्शित किया गया है। सचिवालय में पहुंचने वाले लोग प्रदर्शनी का अवलोकन कर आपातकाल के दौरान दी गई यातनाओं की जानकारी ले रहे है। लोकतंत्र के बचाव के लिए लोकतंत्र प्रहरियों की भूमिका का प्रदर्शनी में चित्रण किया गया है।

उपायुक्त ने बताया कि इस प्रदर्शनी के माध्यम से भारत में प्राचीन काल से चली आ रही लोकतंत्र की जड़ें, लोकतांत्रिक परंपराओं के मूल में बसे जन-केंद्रित दृष्टिकोण और जन-भागीदारी, ग्रामीण और शहरी इलाकों में जमीनी स्तर पर लोकतंत्र, परामर्शी प्रथाओं और सामुदायिक भागीदारी से प्रभावित शासन, स्वतंत्र भारत और संसदीय प्रणाली, आपातकाल से ठीक पहले का समय के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग हरियाणा द्वारा जिला सचिवालय रोहतक व उपमंडल महम स्थित लघु सचिवालय में लगाई गई यह प्रदर्शनी 25 जुलाई तक जारी रहेगी।