नाटक आधे-अधूरे के मंचन की तैयारियों में जुटे सुपवा के छात्र
5 फरवरी को मनाई जाएगा प्रसिद्ध नाटककार व लेखक मोहन राकेश की जन्म शताब्दी।
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) में 5 फरवरी को प्रसिद्ध नाटककार व लेखक मोहन राकेश की जन्म शताब्दी मनाई जाएगी। इस दौरान छात्रों द्वारा उनके लिखित बहुचर्चित नाटक आधे-अधूरे का दृश्य मंचन, सीन वर्क किया जाएगा, जिसके लिए अभिनय विभाग के छात्र लगातार रिहर्सल में जुटे हैं।
फिल्म एंड टेलीविजन विभाग के एफसी महेश टीपी ने बताया कि नाटक आधे-अधूरे की परिकल्पना और निर्देशन प्रोफेसर विभांशु वैभव कर रहे हैं। जबकि, महेंद्र नाथ की भूमिका में प्रिंस, जगमोहन की भूमिका में पुष्कर व सावित्री की भूमिका भारती निभा रही हैं। ये नाटक स्त्री-पुरुष के संबंधों में आई विषमताओं को दर्शाता है।
कुलपति डॉ. अमित आर्य ने कहा कि प्रतिभागी छात्रों व दर्शकों को मंचन सजीव महसूस हो और इसे लंबे समय तक याद रख सकें, इसलिए कहानी की मांग के अनुसार विवि प्रशासन द्वारा विशेष तौर पर सेट बनवाया गया है। कुलपति ने कहा कि विवि प्रशासन ऐसे प्रशिक्षित व सुशिक्षित कलाकार तैयार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जो आगे चल कर देश-विदेश में अपना व हरियाणा का नाम रोशन कर सकें।

Girish Saini 

