राष्ट्र निर्माण के लिए बहुत जरूरी है पत्रकारिताः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका विषय पर केंद्रीय विवि में सेमिनार।

राष्ट्र निर्माण के लिए बहुत जरूरी है पत्रकारिताः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

महेंद्रगढ़, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य में हरियाणा केंद्रीय विवि के पत्रकारिता और जनसंचार विभाग द्वारा -राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय प्रेस दिवस हर साल 16 नवंबर को प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया की स्थापना (1966) की याद में मनाया जाता है।

 

बतौर वक्ता, हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान नीलोखेड़ी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान, आकाशवाणी हिसार के कार्यालय प्रमुख पवन कुमार, प्रो-वाईस चांसलर सीयूएच प्रो. पवन शर्मा ने शिरकत की।

 

डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने अपने संबोधन में राष्ट्र के निर्माण में मीडिया की भूमिका पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि मीडिया सामान्य जन की आवाज है और उनके मुद्दों को सरकार तक पहुंचाती है। लेकिन मीडिया को समाधान ढूंढने में भी मददगार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत की स्वाधीनता में पत्रकारिता की अहम् भूमिका रही और आज भी यह राष्ट्र निर्माण के लिए सबसे जरूरी है।

 

छात्रों के साथ संवाद के दौरान एक सवाल के जवाब में डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने देश की एकता पर जोर देते हुए कहा कि भारत में कोई हिंदू-मुस्लिम विवाद नहीं है। भारत की संस्कृति सभी धर्म के लोगों के साथ मिलकर रहने की है और शांति का मार्ग भारतीय संस्कृति की इसी सोच से निकलेगा। उन्होंने छात्रों से कहा कि अगर हम चाहते हैं कि 2047 का भारत भव्य हो और विश्व गुरु बने तो यह तभी संभव होगा जब मीडिया का उपयोग करके भारत की संस्कृति और सोच को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में आज के मीडिया के छात्रों का अहम् योगदान रहेगा।

 

प्रो. पवन शर्मा ने प्रेस की आजादी पर विचार रखते हुए कहा कि मीडिया को स्वतंत्रता जरूर मिलनी चाहिए, लेकिन इसके साथ ही मीडिया की कुछ नैतिक जिम्मेदारियां भी होती हैं। उन्होंने मीडिया को लोकतंत्र के रीढ़ की हड्डी बताते हुए कहा कि मीडिया का काम प्रश्न पूछने के साथ-साथ उनके समाधान तलाशना भी है।

  

आकाशवाणी प्रस्तुतकर्ता और हरियाणवी हास्य कलाकार आज़ाद दूहन ने सच्चरित्र, शालीनता और निष्पक्षता पर जोर देते हुए कहा कि आज मीडियाकर्मियों और मीडिया के छात्रों के लिए अपने व्यक्तित्व का निर्माण करना सबसे ज्यादा जरूरी है। आकाशवाणी हिसार के कार्यालय प्रमुख पवन कुमार ने पत्रकारिता में इंसानियत को बरकरार रखने की बात कही। उन्होंने मीडिया के छात्रों को हर रोज आकाशवाणी पर खबरें सुनने की सलाह भी दी। विभाग के प्रो. अशोक कुमार ने समाधान-आधारित पत्रकारिता को आज के समय की जरूरत बताया। कार्यक्रम संयोजक एवं विभागाध्यक्षा डॉ. अमिता ने आभार व्यक्त किया।