जीजेयू की छात्रा कीर्ति को वीडियो कॉल के माध्यम से पीएम मोदी के साथ संवाद का अवसर मिला

जीजेयू की छात्रा कीर्ति को वीडियो कॉल के माध्यम से पीएम मोदी के साथ संवाद का अवसर मिला

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के वाणिज्य विभाग की एमकॉम (प्रीवियस) की छात्रा कीर्ति को वीडियो कॉल के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संवाद का विशेष अवसर मिला है। इस दौरान गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई तथा वाणिज्य विभाग की प्रभारी डॉ. मोनिका ने छात्रा को बधाई दी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

स्वामी ज्ञानानंद ने छात्रा को आशीर्वाद देते हुए कहा कि परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच से जीवन में उच्च लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि इस प्रकार की सफलता विद्यार्थियों की मेहनत और समर्पण का परिणाम होती हैं, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनती हैं।

वाणिज्य विभाग की प्रभारी डॉ. मोनिका ने बताया कि ये उपलब्धि माय भारत बजट क्वेस्ट 2026 प्रतियोगिता से संबंधित है, जिसे युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा माय भारत केंद्र, हिसार के माध्यम से आयोजित किया गया। देशभर से 12 लाख से अधिक प्रतिभागियों ने इसमें भाग लिया, जिनमें से केवल 22 प्रतिभागियों का चयन फाइनल राउंड के लिए किया गया।

फाइनल राउंड के अंतर्गत चयनित प्रतिभागियों को 12 अप्रैल 2026 को प्रातः 10.00 बजे सीसीएस एचएयू, हिसार में आमंत्रित किया गया है। प्रतिभागियों को वीडियो कॉल के माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी के साथ संवाद का विशेष अवसर प्राप्त होगा। साथ ही प्रतिभागियों के आने-जाने का पूरा खर्च भारत सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।