किसान- मजदूरों ने मोरवाला टोल फ्री किया।
चरखी दादरी, गिरीश सैनी। अपनी मांगों को लेकर दिल्ली जा रहे किसानों के साथ शंभू बॉर्डर पर हुए अमानवीय व्यवहार के विरोध में देश भर में तीन घंटे टोल फ्री कराने के संयुक्त किसान मोर्चा के पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए इलाके की खापें, सामाजिक संगठन, किसान और कर्मचारी यूनियन व उनके समर्थन में उतरे राजनैतिक दलों से जुड़े लोग दिल्ली रोड़ के मोरवाला टोल पर पंहुचे। बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने टोल पर दरी बिछा धरने पर बैठने से पहले उसे फ्री करा दिया। इस मौके पर काफी तादाद में महिलाओं ने भी धरने में भाग लिया।
तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे किसान व अन्य संगठनों से जुड़े लोग ट्रैक्टर, जीप व अन्य साधनों में सवार हो मोरवाला टोल पर जुटने शुरू हो गए। एमएसपी की गारंटी दो, बिजली अधिनियम 2020 वापिस लो के नारों के बीच उमड़ी भीड़ ने टोल के सभी बेरीकेट्स हटा नाके खोल टोल फ्री करा दिया। अनहोनी की आशंका से टोल पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सर्वजातीय फौगाट खाप 19 के प्रधान बलवंत नंबरदार की अध्यक्षता में आयोजित धरना- प्रदर्शन में मंच संचालन कपूर सिंह स्वामी ने किया।
धरने पर बैठे किसान, मजदूर , कर्मचारी और सामाजिक व राजनैतिक संगठनों से जुड़े लोगों ने एक सुर में कहा कि सरकार ने किसानों से धोखा किया है। जब तक सरकार एमएसपी की गारंटी समेत बाकी वायदे पूरे नहीं करेगी किसान- मजदूर पीछे नहीं हटेंगे। उन्होंने कहा कि किसान आंदोलन को लेकर संयुक्त मोर्चा जो भी आदेश देगा उसका पूरा अमल किया जाएगा। इससे पहले धरने पर शंभू बॉर्डर पर जान गवानें वाले किसान ज्ञान सिंह को दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी गई।
इस दौरान सीटू की राज्य प्रधान सुरेखा, राजबीर शास्त्री, महाबीर रानीला, रणधीर कुंगड़, ओम सरपंच इमलोटा, रणधीर घिकाड़ा, सुरेश फौगाट, कमलेश भैरवी, प्रवीण चेयरमैन, राजू मान, अजीत फौगाट, नितिन जांघू, राजकुमार हडौड़ी, योगेश इमलोटा, कृष्ण फौगाट, सूरजभान धनखड़, राजकुमार घिकाड़ा, सुनीता रामबास, शमशेर खातीवास, मोतीराम, जगबीर सिंह, विरेंद्र दहिया, मोहित साहू, सुरेंद्र रावलधी, महेंद्र जाखड़, सुरेंद्र खेड़ी बुरा,जसबीर बॉक्सर, इंद्रजीत कोहलवास, अनोखी मंदोली ने भी अपने विचार रखे। (16/02/2024)
Girish Saini 

