गांवों की गोद में छिपा है विकसित भारत का सपना : प्रो. शीबा हामिद
आईएचटीएम में ग्रामीण पर्यटन पर सेमिनार आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के इंस्टीट्यूट ऑफ होटल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट (आईएचटीएम) में भारत में ग्रामीण पर्यटन: अवसर और चुनौतियां विषय पर एक विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। अलीगढ़ मुस्लिम विवि (एएमयू) की वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रो. शीबा हामिद ने बतौर मुख्य वक्ता शिरकत करते हुए ग्रामीण पर्यटन को विकसित भारत के सपने का सशक्त आधार बताया।
अपने संबोधन में प्रो. शीबा हामिद ने कहा कि भारत के गांवों में प्रकृति, लोक-संस्कृति, पारंपरिक खानपान, हस्तशिल्प, कृषि आधारित जीवनशैली और परंपरागत ज्ञान का विशाल भंडार है, जिसे शोध, फील्ड वर्क और नीति आधारित अध्ययन के माध्यम से वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने शोधार्थियों से ग्रामीण पर्यटन को लेकर गहन अनुसंधान करने का आह्वान करते हुए कहा कि यह क्षेत्र स्थानीय आजीविका, ग्रामीण उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
प्रो. हामिद ने यह भी रेखांकित किया कि ग्रामीण पर्यटन को सतत और सफल बनाने के लिए गुणवत्ता मानकों, कौशल विकास, जिम्मेदार पर्यटन व्यवहार, डिजिटल प्रचार तथा स्थानीय समुदाय के आर्थिक हितों की सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत@2047 और वोकल फॉर लोकल अभियान से जोड़ते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए निदेशक आईएचटीएम, प्रो. आशीष दहिया ने मुख्य वक्ता का स्वागत किया और संस्थान की शैक्षणिक प्रगति, शोध गतिविधियों तथा उपलब्धियों की जानकारी साझा की। प्रो. संदीप मलिक ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का समन्वयन डॉ. शिल्पी ने किया। इस दौरान डॉ. संजीव कुमार, डॉ. ज्योति, डॉ. सुमेघ सहित संकाय सदस्य तथा शोधार्थी व विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

