कृषि यंत्रों का 1 से 3 सितंबर तक होगा भौतिक सत्यापन, मशीन समेत पहुंचें किसानः डीसी

कृषि यंत्रों का 1 से 3 सितंबर तक होगा भौतिक सत्यापन, मशीन समेत पहुंचें किसानः डीसी

रोहतक, गिरीश सैनी। सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन (एसएमएएम) 2026-27 के तहत कृषि यंत्रों के बिल विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने वाले किसानों की मशीनों का 1 से 3 सितंबर तक भौतिक सत्यापन होगा। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि 24 अगस्त तक बिल अपलोड करने वाले किसानों का खंडवार सत्यापन जिला स्तरीय कमेटी द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 1 सितंबर को रोटावेटर और लेजर लैंड लेवलर को छोड़कर अन्य सभी कृषि यंत्रों, 2 सितंबर को लेजर लैंड लेवलर और 3 सितंबर को रोटावेटर का सत्यापन किया जाएगा। अन्य कृषि यंत्रों का सत्यापन 1 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के स्थानीय कार्यालय में होगा।

लेजर लैंड लेवलर और रोटावेटर का सत्यापन 2 व 3 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होगा। रोहतक व सांपला के लिए नई अनाज मंडी रोहतक, महम, कलानौर और लाखनमाजरा के लिए संबंधित नई अनाज मंडियों में सत्यापन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि किसानों को आधार कार्ड, ट्रैक्टर की मूल आरसी और मशीन साथ लानी होगी। मशीन पर किसान का नाम, पिता का नाम, गांव और एसएमएएम 2026-27 के तहत अनुदान प्राप्त होने की जानकारी स्पष्ट रूप से पेंट से लिखी होना अनिवार्य है।