ई-कैंपस इंटर्नशिप ड्राइव में गुजवि के तीन विद्यार्थियों को मिली इंटर्नशिप

गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से नाभास्त्रा प्राइवेट लिमिटेड की ई-कैंपस इंटर्नशिप ड्राइव में बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग कार्यक्रम के तीन विद्यार्थियों ने इंटर्नशिप हासिल की है।

ई-कैंपस इंटर्नशिप ड्राइव में गुजवि के तीन विद्यार्थियों को मिली इंटर्नशिप

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से नाभास्त्रा प्राइवेट लिमिटेड की ई-कैंपस इंटर्नशिप ड्राइव में बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग कार्यक्रम के तीन विद्यार्थियों ने इंटर्नशिप हासिल की है।

चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि विवि का परिणाम-आधारित शैक्षणिक ढांचा, साथ ही उद्योग जगत के बढ़ते संपर्क, विद्यार्थियों को मूल्यवान इंटर्नशिप के अवसर हासिल करने और पेशेवर दुनिया के लिए तैयार होने के लिए आवश्यक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल से लगातार सुसज्जित कर रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में गुजवि और नाभास्त्रा के बीच ड्रोन निर्माण प्रौद्योगिकी पर एक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने के लिए एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी चयनित विद्यार्थियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी।

भर्ती प्रक्रिया के दौरान आयोजित सत्र में कंपनी की प्रबंध निदेशक अंजली वर्मा और तकनीकी सलाहकार कर्नल लक्ष्यजीत सिंह चौहान ने बताया कि नाभास्त्रा प्रा. लि. एक उभरता हुआ भारतीय प्रौद्योगिकी स्टार्टअप है जो ड्रोन प्रौद्योगिकी और मानवरहित हवाई प्रणाली क्षेत्र में काम कर रहा है। कंपनी ड्रोन विकसित करने, ड्रोन-आधारित समाधान प्रदान करने और ड्रोन संचालन में पेशेवरों को प्रशिक्षित करने पर ध्यान केंद्रित करती है।

प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि प्लेसमेंट ड्राइव में एक वर्चुअल प्रस्तुति और वर्चुअल साक्षात्कार के चरण शामिल रहे। सहायक प्लेसमेंट निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह ने बताया कि चयनित विद्यार्थी पारुल यादव, उमानंद और हर्ष जांगड़ा हैं। चयनित विद्यार्थियों ने अपने अंतिम सेमेस्टर की इंटर्नशिप के तहत कंपनी में कार्यभार ग्रहण कर लिया है।