सेवा और संवेदना का संदेश देंगे वाईआरसी स्वयंसेवक, जीजेयू में ओरिएंटेशन कार्यक्रम

सेवा और संवेदना का संदेश देंगे वाईआरसी स्वयंसेवक, जीजेयू में ओरिएंटेशन कार्यक्रम

हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि की युवा रेडक्रॉस इकाई द्वारा एक दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की हरियाणा राज्य शाखा के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी ने बतौर मुख्य अतिथि विद्यार्थियों को मानवता की सेवा के लिए प्रेरित किया।

मिगलानी ने कहा कि रेडक्रॉस केवल एक संस्था नहीं, बल्कि निस्वार्थ सेवा का वैश्विक आंदोलन है। युवाओं को जरूरतमंद और वंचित वर्गों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने रेडक्रॉस के सिद्धांतों और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम में विवि के 150 वाईआरसी स्वयंसेवकों ने भाग लिया।

छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. मुकेश शर्मा ने कहा कि वाईआरसी विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं का विकास करता है। राज्य समन्वयक रोहित शर्मा ने प्राथमिक चिकित्सा, आपदा प्रबंधन और राष्ट्रीय शिविरों में भागीदारी के अवसरों की जानकारी दी। डॉ. महावीर प्रसाद ने आभार जताया। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम और कविता पाठ प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान के साथ आयोजन का समापन हुआ।