सोशल मीडिया छोड़ खेल से जुड़ें युवाः कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ
एमडीयू में 5 किमी मैराथन आयोजित।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि युवाओं को सोशल मीडिया पर समय गंवाने के बजाय खेलों से जुड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं, स्वास्थ्य के लिए दौड़ें और मोटापे से बचने के लिए दौड़ें। रविवार को एमडीयू के खेल परिसर में आयोजित पांच किलोमीटर मैराथन को बतौर मुख्य अतिथि झंडी दिखाकर रवाना करते हुए कुलपति ने ये बात कही।
कुलपति ने मैराथन के आयोजन के लिए आयोजक कायरोस क्लब को बधाई दी और विजेताओं को सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं से फिटनेस को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। बतौर विशिष्ट अतिथि कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने युवाओं से नियमित व्यायाम और खेल गतिविधियों को अपनाने का आह्वान किया। खेल निदेशक डॉ. शकुंतला बेनीवाल ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवाओं में खेल भावना और अनुशासन विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
इस दौरान विशेष रूप से उपस्थित कुलपति की धर्मपत्नी सुनीता चौधरी और कुलसचिव की पत्नी राखी गुप्ता ने भी प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया।
मैराथन के गर्ल्स वर्ग में अंकिता ने प्रथम, सृष्टि ने दूसरा व कविता ने तीसरा तथा बॉयज वर्ग में विजय ने प्रथम, कृष ने दूसरा व प्रीतम ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। मैराथन समन्वयक प्रीति बंसल ने बताया कि मैराथन का उद्देश्य युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना है। इस दौरान भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल, समाजसेवी राजेंद्र बंसल, रोहित बंसल, राजकुमार कपूर, रयान, समायरा बंसल, रयांश बंसल, स्वास्तिका जैन सहित अन्य गणमान्य जन व प्रतिभागी मौजूद रहे।
Girish Saini 


