मानव कल्याण के लिए रेडक्रॉस से जुड़ें युवा वर्गः उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह

दो हजार से अधिक आजीवन सदस्यों को दी जा रही सिविल डिफेंस ट्रेनिंग।

मानव कल्याण के लिए रेडक्रॉस से जुड़ें युवा वर्गः उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि हमारे दैनिक जीवन में यदि हम सामाजिक क्षेत्र में उतरकर मानव कल्याण के लिए कुछ काम करते हैं तो यह आमजन के लिए एक सकारात्मक दृष्टिकोण के रूप में लिया जाता है। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी की गतिविधियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए हमें रेडक्रॉस सोसाइटी का आजीवन सदस्य बनना चाहिए। विभिन्न स्थानों पर गांव व शहर में यदि कोई दिव्यांग व जरूरतमंद है जिसे किसी प्रकार के उपकरण की आवश्यकता है तो उसकी सूची आजीवन सदस्यों के माध्यम से बनवाकर रेडक्रॉस समिति को दी जा सकती है। ताकि आने वाले समय में उन्हें उपकरण दिए जा सके।

 

उपायुक्त ने कहा कि रेडक्रॉस समिति, रोहतक द्वारा चलाए जा रहे कुष्ठ आश्रम, रक्तदान सेवाएं, दिव्यांगजन के लिए उपकरण वितरण, टीबी से प्रभावित मरीजों के लिए सेवा, फर्स्ट एड होम नर्सिंग की ट्रेनिंग, दिव्यांग जन के लिए जागरूकता कार्यक्रम, टीआई प्रोजेक्ट के माध्यम से ट्रक ड्राइवर के जीवन की सुरक्षा सहित अन्य गतिविधियों से आजीवन सदस्य जुड़ कर इन सेवाओं को आगे बढ़ा सकते हैं।

 

उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी के साथ जोड़े गए दो हजार से अधिक युवा आजीवन सदस्यों को सिविल डिफेंस की ट्रेनिंग भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के कार्य कलापों से अब आमजन के साथ-साथ जन सेवक और लोक सेवक भी जुड़ रहे हैं। उपायुक्त की उपस्थिति में वार्ड नं. 8 की निगम पार्षद अंजू सैनी ने भी रेडक्रॉस सोसाइटी की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव श्याम सुंदर व पूर्व सचिव आर.पी. सैनी सहित अन्य मौजूद रहे।