नए भारत के निर्माता बनें युवाः प्रो. मिलाप पूनियाँ

स्टडी-इनोवेट-क्रिएट के मंत्र के साथ कुलपति ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों को दिया फ्यूचर लीडर बनने का संदेश।

नए भारत के निर्माता बनें युवाः प्रो. मिलाप पूनियाँ

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे अध्ययन के साथ नवाचार और रचनात्मकता को जीवन का हिस्सा बनाएं और स्वयं को भविष्य के नेतृत्व के लिए तैयार करें। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही वर्ष 2047 के विकसित भारत की नींव रखेंगे। युवा शक्ति देश के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है।

नव प्रवेशित स्नातक विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कुलपति ने  -स्टडी, इनोवेट, क्रिएट एंड बी ए फ्यूचर लीडर का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अतीत से सीखते हुए वर्तमान में सक्रिय रहना और भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ना चाहिए। सफलता के लिए प्रतिभा के साथ अनुशासन, कड़ी मेहनत, सकारात्मक सोच और स्वस्थ जीवनशैली जरूरी है। उन्होंने युवाओं से अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्टता हासिल कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

जवाहरलाल नेहरू विवि, नई दिल्ली के पर्यावरण विभाग के प्रोफेसर एवं प्रतिष्ठित वैज्ञानिक प्रो. पी.के. जोशी ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, डॉ. सीवी रमन और स्वामी विवेकानंद जैसे महान व्यक्तित्वों के जीवन से विद्यार्थियों को प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन महापुरुषों ने बड़े सपने देखे और ज्ञान, मेहनत तथा दृढ़ संकल्प से उन्हें साकार किया। विद्यार्थियों को केवल डिग्री तक सीमित न रहकर वैज्ञानिक सोच, ज्ञान और नवाचार के जरिए समाज के लिए कुछ नया करने का लक्ष्य रखना चाहिए।

भारतीय वायु सेना की सेवानिवृत्त विंग कमांडर एवं मोटिवेशनल स्पीकर गीतांजलि सिंह ने -ड्रीम, डेयर, डिस्कवर एंड बीकम का मंत्र देते हुए युवाओं से बड़े सपने देखने, साहस के साथ नई राह तलाशने और स्वयं को लक्ष्य के अनुरूप ढालने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि असफलता अंत नहीं, बल्कि सफलता की सीढ़ी है। ‘एक कोशिश और’ का जज्बा असंभव को भी संभव बना सकता है।

डायरेक्टर, सेंटर फॉर इंडियन नॉलेज सिस्टम प्रो. सुरेंद्र कुमार ने स्वामी दयानंद सरस्वती के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रो. सपना गर्ग ने स्वागत भाषण दिया। डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान ने एमडीयू की विकास यात्रा से विद्यार्थियों को अवगत कराया। कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने आभार व्यक्त किया।

इस दौरान इसी माह सेवानिवृत्त होने वाले प्रो. ए.एस. मान को विवि में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षक, विभागाध्यक्ष, डीन, निदेशक और नव प्रवेशित विद्यार्थी मौजूद रहे। मंच संचालन निदेशक, सीसीपीसी प्रो. दिव्या मल्हान और निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने किया।