अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के मद्देनजर योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के मद्देनजर नगर निगम, रोहतक द्वारा हरियाणा योग आयोग के संयुक्त तत्वावधान एवं आयुष विभाग के सहयोग से स्थानीय मानसरोवर पार्क में एक दिवसीय योग प्रोटोकॉल प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करना तथा आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण प्रदान करना था। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त नमिता कुमारी व मंजीत सिंह सहित विभिन्न पार्षदों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करना तथा आगामी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए निर्धारित कॉमन योग प्रोटोकॉल का प्रशिक्षण प्रदान करना था।
कार्यक्रम में नागरिकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, नगर निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। योग प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के दौरान किए जाने वाले विभिन्न योगासनों, प्राणायाम, ध्यान एवं शारीरिक व्यायाम की विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली, तनाव एवं विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से बचाव के लिए योग एक प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ एवं ऊर्जावान बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता एवं सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देता है।
इस दौरान प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास करते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। प्रशिक्षकों ने सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं ध्यान अभ्यास सहित विभिन्न योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया और उनसे होने वाले फायदों की जानकारी दी।
नगर निगम के आयुक्त नरेन्द्र कुमार ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया ने अपनाया है। योग के माध्यम से स्वस्थ समाज एवं स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि निगम नागरिकों को योग से जोड़ने के लिए लगातार प्रयासरत है। प्रतिभागियों से 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आहवान किया गया।

Girish Saini 

