रक्षाबंधन पर महिलाएं और 15 साल तक के बच्चे रोडवेज बसों में कर सकेंगे मुफ्त सफरः उपायुक्त
रोहतक, गिरीश सैनी। रक्षाबंधन पर हरियाणा सरकार ने महिलाओं और 15 वर्ष तक के बच्चों को निशुल्क बस यात्रा का तोहफा दिया है। उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा राज्य परिवहन की साधारण बसों में यह सुविधा 27 अगस्त दोपहर 12 बजे से 28 अगस्त मध्य रात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने बताया कि इस अवधि में महिलाएं और 15 वर्ष तक के बच्चे हरियाणा में स्थित किसी भी स्थान से दूसरे स्थान तक आने-जाने के लिए बिना किराया यात्रा कर सकेंगे। इस सुविधा में दिल्ली और चंडीगढ़ भी शामिल हैं।
उपायुक्त ने कहा कि सरकार की यह पहल रक्षाबंधन पर महिलाओं और बच्चों को अपने परिवारजनों तक सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। उन्होंने यात्रियों से निर्धारित नियमों का पालन करते हुए इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। निशुल्क यात्रा की सुविधा केवल हरियाणा राज्य परिवहन की साधारण बसों में लागू होगी।

Girish Saini 

