बिजली-पानी की किल्लत से पूरे प्रदेश में मचा हाहाकारः पूर्व सीएम हुड्डा

रिठाल में धरनारत किसानों के बीच पहुंचे हुड्डा ने अधिकारियों को दिए मांगे मानने के निर्देश।

बिजली-पानी की किल्लत से पूरे प्रदेश में मचा हाहाकारः पूर्व सीएम हुड्डा

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि पूरे हरियाणा में आज बिजली और पानी की किल्लत को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। न किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिल पा रहा है और न ही लोगों को पीने के लिए। उन्होंने इस भयंकर स्थिति के लिए बीजेपी सरकार को जिम्मेदार ठहराया।

रिठाल गांव में धरना दे रहे विभिन्न गांवों के किसानों से मिलने पहुंचे हुड्डा ने इस दौरान किसानों की समस्याएं सुनी और मौके पर ही अधिकारियों को गांव वालों की मांगे मानने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री को डी.ओ. लेटर भी लिखा। नहरी पानी की उचित सप्लाई की मांग के साथ गांव वालों की शिकायत थी कि 2022 में जेएलएन नहर की तलहटी पक्की होने की वजह से वाटर रिचार्ज बिल्कुल बंद हो गया है, जिसके चलते आसपास के ट्यूबवेल और नलकों का पानी पूरी तरह खारा हो चुका है। ऊपर से अब सरकार बीएसईबी नहर की तली को भी पक्का कर रही है, जिससे इलाके में पीने के पानी की समस्या और बुरी तरह गहरा जाएगी। इससे क्षेत्र में पीने के साथ-साथ सिंचाई के लिए भी पानी मिल पाना बेहद मुश्किल हो जाएगा।

इसके चलते गांव वालों ने नहर की तली को हेड से लेकर टेल तक कच्ची रखने की मांग के साथ ही बीएसबी नहर के हर पुल पर घाट बनाने और उचित दूरी पर दोनों तरफ सीढ़ी बनाए जाने की भी मांग रखी है। ग्रामीणों की मांग है कि जेएलएन के दोनों तरफ जो 10 किलोमीटर के दायरे में गांव आते हैं, उन्हें नहर से पीने के पानी की सप्लाई की जाए।

पूर्व सीएम हुड्डा ने ग्रामीणों की मांगों को जायज करार देते हुए कहा कि वे अधिकारियों से लेकर सरकार तक के स्तर तक उनकी मांग उठाएंगे और उसे पूरा करवाने का हरसंभव प्रयास करेंगे।