चुनाव जीतने पर आयोग निष्पक्ष, हारने पर धांधली का आरोप क्यों: मंत्री डॉ अरविंद शर्मा
एसआईआर पर कांग्रेस को घेरते हुए कहाः संवैधानिक संस्थाओं को निशाना बनाना बंद करे विपक्ष
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो चुनाव आयोग निष्पक्ष होता है, लेकिन हारने पर धांधली के आरोप क्यों लगाए जाते हैं? उन्होंने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता पर सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया।
शनिवार को अनाज मंडी में फसल खरीद व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे मंत्री डॉ शर्मा ने कहा कि मतदाता सूचियों में दोहरे नामों की जांच और त्रुटियों का सुधार जरूरी है। प्रक्रिया पर आपत्ति है तो कांग्रेस प्रमाणों के साथ सामने आए।
गढ़ी सांपला-किलोई में बूथ कब्जाने के आरोपों का जिक्र करते हुए उन्होंने कांग्रेस को अपने राजनीतिक इतिहास पर आत्ममंथन करने की नसीहत दी।
फसल खरीद पर मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं। किसानों की पूरी उपज खरीदने और उठान व भुगतान में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में खरीद प्रक्रिया 15 दिन में पूरी हो रही है, जबकि कांग्रेस शासन में किसानों को दो-दो महीने इंतजार करना पड़ता था।

Girish Saini

