मतदान से मजबूत होता है लोकतंत्र, हर वयस्क कराए पंजीकरणः विजय यादव
एमडीयू में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को चुनाव प्रक्रिया की दी जानकारी
रोहतक, गिरीश सैनी। लोकतंत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक वयस्क नागरिक का मतदाता के रूप में पंजीकरण और मतदान में भागीदारी जरूरी है। चुनाव संचालन एक जिम्मेदारी पूर्ण और चुनौतीपूर्ण प्रक्रिया है। यह बात एसडीएम कोसली विजय यादव ने एमडीयू में आयोजित मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में कही।
सेवा संकल्प अभियान की सेवा मेरा योगदान श्रृंखला के तहत राजनीति विज्ञान विभाग, छात्र कल्याण कार्यालय और जनसंपर्क कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विजय यादव ने विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया, निर्वाचन आयोग की भूमिका, राज्य सरकार के दायित्वों और मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने नए मतदाताओं के पंजीकरण के विभिन्न चरणों को भी समझाया और सभी वयस्क नागरिकों से मताधिकार का प्रयोग करने का आह्वान किया।
अधिष्ठाता (शैक्षणिक मामले) प्रो. रणदीप राणा ने इस पहल को महत्वपूर्ण और राष्ट्रहित में उपयोगी बताया। राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्षा डॉ. ममता नरवाल ने कहा कि लोकतंत्र में मतदान के महत्व के प्रति जागरूकता समय की जरूरत है।
निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने जागरूक मतदाताओं को लोकतंत्र का प्रहरी बताते हुए उपस्थित लोगों को मतदाता शपथ दिलाई। वरिष्ठ प्राध्यापक प्रो. राजेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों से विधानसभा और लोकसभा चुनावों में मतदान करने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन सुनित मुखर्जी और शोधार्थी खुशबू ने किया।

Girish Saini

