एमडीयू के खेल परिसर में गूंजी नशा मुक्ति की आवाज, खिलाड़ियों ने ली शपथ
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के खेल परिसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित नशा मुक्त भारत जागरूकता कार्यक्रम में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा मुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ ली।
निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को नुकसान पहुंचाता है। युवा देश की ताकत हैं और उनकी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में होना चाहिए। उन्होंने सभी से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
खेल निदेशक कुलताज सिंह ने कहा कि खेल शारीरिक फिटनेस के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं। इस दौरान सहायक खेल निदेशक डॉ. तेजपाल व डॉ. विपिन कुमार, भारतीय खेल प्राधिकरण के कोच एवं अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज दलबीर सिंह सहित खेल प्रशिक्षक, कर्मचारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

IANS

