कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने शोधार्थियों से समकालीन विषयों पर प्रभावी शोध करने का आह्वान किया

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने शोधार्थियों से समकालीन विषयों पर प्रभावी शोध करने का आह्वान किया

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने शुक्रवार को अर्थशास्त्र विभाग का दौरा कर शिक्षकों और शोधार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों, शोध कार्यों तथा विद्यार्थियों की प्रगति की जानकारी ली और शोध के क्षेत्र में गुणवत्ता एवं नवाचार पर विशेष जोर दिया।

कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि वर्तमान समय में केवल शोध करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि ऐसा शोध होना चाहिए जो समाज, नीति निर्माण और बदलती वैश्विक परिस्थितियों के अनुरूप प्रभाव छोड़ सके। उन्होंने शोधार्थियों को समकालीन विषयों पर केंद्रित होकर इंपैक्टफुल रिसर्च करने के लिए प्रेरित किया, ताकि उनके शोध कार्य का समाज और शैक्षणिक जगत में सकारात्मक योगदान दिखाई दे।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शोध के लिए विषय की गहन समझ, नवीन दृष्टिकोण और आधुनिक तकनीकों का उपयोग बेहद आवश्यक है। शोधार्थियों को क्वांटिटेटिव टेक्निक्स, डाटा बेस मैनेजमेंट एंड एनालिसिस जैसी आधुनिक शोध पद्धतियों में दक्षता विकसित करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने शोधार्थियों को स्वयं को निरंतर अपडेट रखने, नई जानकारियों और वैश्विक शोध प्रवृत्तियों से जुड़े रहने की सलाह दी।

उन्होंने शिक्षकों से भी शोध संस्कृति को और मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि विद्यार्थियों और शोधार्थियों को बेहतर मार्गदर्शन देकर उन्हें उत्कृष्ट शोध की दिशा में प्रेरित किया जाए। इस अवसर पर डीन फैकल्टी ऑफ़ सोशल साइंसेज प्रो सेवा सिंह दहिया, डीन फैकल्टी ऑफ़ हयूमैनिटिज़ प्रो रणदीप राणा, अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ जयदीप कुमार सहित प्राध्यापक प्रो रामफूल ओहलान, डॉ राजेश कुमार, डॉ कोमल मलिक, डॉ किरण बाला, डॉ बिमला, डॉ अक्षु मौजूद रहे।