कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने पौधरोपण कर दिया हरियाली बढ़ाने का संदेश
रोहतक, गिरीश सैनी। पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में एमडीयू के शिक्षा विभाग परिसर में -एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत त्रिवेणी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षा विभाग के ईको क्लब द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने पीपल, बरगद और नीम के पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आवश्यकता बन चुका है। वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ स्वच्छ हवा और स्वस्थ जीवन का आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
शिक्षा विभागाध्यक्षा डॉ. माधुरी हुड्डा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के साथ प्रकृति संरक्षण की सोच विकसित करते हैं। ईको क्लब की संयोजक डॉ. वनीता रोज तथा शोधार्थी कपिल को लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी सौंपी गई। उपस्थित शिक्षकों और शोधार्थियों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लिया।

Girish Saini 

