कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने युवाओं से मोबाइल स्क्रीन छोड़ खेल मैदान में उतरने का आह्वान किया

यूएचएसआर में खेलो इंडिया संवादः खेल की बात, मोदी के साथ कार्यक्रम आयोजित।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने युवाओं से मोबाइल स्क्रीन छोड़ खेल मैदान में उतरने का आह्वान किया

रोहतक, गिरीश सैनी। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि (यूएचएसआर), रोहतक में वीरवार को खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात, पीएम के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने युवाओं से मोबाइल स्क्रीन का समय कम कर खेल मैदान से जुड़ने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन उपरांत कुलपति डॉ. अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल जीतने का माध्यम नहीं, बल्कि चरित्र और राष्ट्र निर्माण का साधन भी है। मेजर ध्यानचंद की प्रतिभा, अनुशासन और राष्ट्रनिष्ठा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य और खेल एक-दूसरे से जुड़े हैं। आधुनिक चिकित्सा बीमारी का इलाज कर सकती है, लेकिन नियमित खेल, व्यायाम, योग और अनुशासित जीवनशैली बीमारी की रोकथाम में अहम भूमिका निभाते हैं।

कुलपति ने कहा कि मोटापा, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग और मानसिक तनाव जैसी जीवनशैली से जुड़ी बीमारियां बढ़ रही हैं। ऐसे में प्रत्येक विद्यार्थी को किसी न किसी खेल से जुड़ना चाहिए। खेल अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व, हार के बाद दोबारा खड़े होने और सफलता में विनम्र रहने की सीख देता है।

 

कुलपति डॉ. अग्रवाल ने प्रधानमंत्री मोदी के खेल विजन की सराहना करते हुए कहा कि खेलो इंडिया जैसे अभियानों ने देश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार किया है। उन्होंने कहा कि छोटे शहरों और गांवों से प्रतिभाओं का निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ाना बदलती भारत की तस्वीर है।

डीन छात्र कल्याण एवं कार्यक्रम आयोजक डॉ. सविता सिंघल ने स्वागत संबोधन किया। मंच संचालन जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. मंजूनाथ बी.सी. ने किया। डॉ. विपिन घरसा ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला और डॉ. मधु शर्मा ने आभार जताया। इस दौरान कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल, डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ, प्राचार्य डॉ. मनु राठी समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

ओलंपियन अशोक गर्ग और पैरा टेबल टेनिस चैंपियन ईशा खासा हुए सम्मानित

कार्यक्रम में ओलंपियन, अर्जुन अवार्डी एवं भीम अवार्डी पहलवान अशोक कुमार गर्ग तथा स्पेशल ओलंपिक-2015 की स्वर्ण पदक विजेता अंतरराष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस चैंपियन ईशा खासा ने विद्यार्थियों से अपने खेल अनुभव साझा किए। दोनों खिलाड़ियों को विवि द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।