कानून की समझ से ही बनेंगे जागरूक नागरिकः सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान

कानून की समझ से ही बनेंगे जागरूक नागरिकः सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान

रोहतक, गिरीश सैनी। विद्यार्थियों को मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। कानून की जानकारी उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनाने में अहम भूमिका निभाती है। यह बात जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने एक निजी स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय विधिक साक्षरता प्रतियोगिताओं एवं कानूनी दिशाएं कार्यक्रम में कही।

हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान और स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने निबंध, नारा लेखन, कविता पाठ, चित्रकला, प्रश्नोत्तरी, वाद-विवाद, भाषण, पावरपॉइंट प्रस्तुति, वृत्तचित्र फिल्म और लघु नाटिका जैसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभा दिखाई।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में एचडीपीएस बहु अकबरपुर, पठानिया पब्लिक स्कूल, पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय महम, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सुंदरपुर, सांपला और अन्य विद्यालयों के विद्यार्थियों ने स्थान हासिल किए। विजेता विद्यालयों को सम्मानित किया गया।