प्रशिक्षण से निखरेगी कार्यकुशलता, मजबूत होगा ग्रामीण विकासः डॉ वीरेंद्र सिंह चौहान
दो दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न
नीलोखेड़ी, गिरीश सैनी। हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान, नीलोखेड़ी में वीबी-जी राम जी के तहत स्वीकृत कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आयोजित दो दिवसीय क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। एचआईआरडी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाओं की सफलता अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता, पारदर्शिता तथा जवाबदेही पर निर्भर करती है। योजनाओं को प्रभावी बनाने के लिए नियमित प्रशिक्षण जरूरी है।
डॉ. चौहान ने कहा कि प्रशिक्षण से विकास कार्यों की बेहतर योजना बनाने, गुणवत्ता सुनिश्चित करने और निर्धारित समय-सीमा में काम पूरा करने की व्यावहारिक जानकारी मिलती है। प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान को कार्यक्षेत्र में लागू कर योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने प्रतिभागियों को दैनिक कार्यों में हिंदी को प्राथमिकता देने और मातृभाषा में काम करने का संकल्प भी दिलाया।
राष्ट्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थान, हैदराबाद के एसोसिएट प्रोफेसर रमेश सखीवेल ने कहा कि स्वीकृत कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए तकनीकी जानकारी और निर्धारित प्रक्रियाओं की समझ आवश्यक है।
प्रशिक्षण समन्वयक कमलदीप सांगवान ने बताया कि कार्यक्रम में कार्यों की योजना, क्रियान्वयन और गुणवत्ता संबंधी पहलुओं पर जानकारी दी गई। हरियाणा ग्रामीण विकास विभाग की तरणदीप कौर सहित अन्य अधिकारी और प्रतिभागी मौजूद रहे।

Girish Saini

