महिलाओं और बेटियों के विरुद्ध अपराध करने वाले बदलें अपनी सोचः चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी
युवा नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने कहा कि आयोग महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों के विरुद्ध अपराध करने वालों को अपनी सोच बदलनी चाहिए तथा समाज में प्रत्येक महिला का सम्मान उसी प्रकार करना चाहिए, जैसा वे अपने परिवार की महिलाओं का करते हैं।
चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने एमडीयू के टैगोर सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के बाद मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करते हुए कहा कि समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति भी कई गंभीर अपराधों का कारण बन रही है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि महिलाओं के साथ अत्याचार करने वालों के विरुद्ध हरियाणा राज्य महिला आयोग पूरी सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।
उषा प्रियदर्शी ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार विकास कार्यों को निरंतर गति दे रही है। प्रदेश में सडक़ों, राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेस-वे तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, जिला परिषद चेयरपर्सन मंजू हुड्डा, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल सहित अन्य मौजूद रहे।
Girish Saini 


