रोहतक में आसमान में सजेगी रामायण, 200 ड्रोन दिखाएंगे श्री राम की गाथा

18 और 20 अक्टूबर को ड्रोन शो; 31 हनुमान स्वरूप और दो घंटे की आतिशबाजी भी रहेगी आकर्षण

रोहतक में आसमान में सजेगी रामायण, 200 ड्रोन दिखाएंगे श्री राम की गाथा

रोहतक, गिरीश सैनी। पुरानी आईटीआई मैदान में रामलीला उत्सव कमेटी आयोजित दशहरा महोत्सव में इस बार रामायण के प्रसंग आसमान में साकार होंगे। 200 से अधिक ड्रोन भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े दृश्यों और सनातन संस्कृति के प्रतीकों की आकृतियां बनाएंगे। हरियाणा में पहली बार इस तरह के भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया जा रहा है।

कमेटी के मुख्य संरक्षक राजेश जैन ने शनिवार को पत्रकारों से विशेष बातचीत में बताया कि ड्रोन शो 18 अक्टूबर को रात नौ बजे और 20 अक्टूबर को शाम पांच बजे आयोजित होगा। मेले में 31 हनुमान स्वरूपों की प्रस्तुति और दिल्ली से मंगवाई गई रंग-बिरंगी आतिशबाजी भी प्रमुख आकर्षण रहेंगी। आतिशबाजी से करीब दो घंटे तक आसमान जगमगाएगा।

उन्होंने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम है। इसी मकसद से रामलीला की प्राचीन परंपरा को आधुनिक तकनीक के साथ जोड़ने की पहल की गई है।