पीजीआईएमएस निदेशक ने ओपीडी और आपातकाल विभाग का औचक निरीक्षण कर दिए जरूरी दिशा-निर्देश
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस, रोहतक के निदेशक डॉ एस.के. सिंघल ने बुधवार को चौ. रणबीर सिंह ओपीडी और आपातकालीन विभाग का औचक निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। निदेशक डॉ. सिंघल ने सभी को समय पर ड्यूटी पर आने और डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ को एप्रन पहनने के आदेश दिए। उन्होंने आपातकाल विभाग में मरीजों को हर सुविधा उपलब्ध करवाने और इमरजेंसी में दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने के सख्त निर्देश भी दिए।
निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि पीजीआईएमएस, रोहतक में मरीजों के इलाज के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं, इमरजेंसी में दवाएं, इंजेक्शन और अन्य जरूरी मेडिकल सामान पर्याप्त मात्रा में मौजूद है। उन्होंने ओपीडी के निरीक्षण के दौरान मरीजों से भी बातचीत की और डॉक्टरों व स्टाफ से फीडबैक लिया।
आपातकाल विभाग का निरीक्षण करते हुए निदेशक डॉ. सिंघल ने कहा कि मरीजों की सुविधा के लिए पीजीआईएमएस में विशेष प्रावधान किया गया है। यदि इमरजेंसी में किसी दवा या सामान का स्टॉक कम होता है, तो तुरंत 1 लाख रुपये तक की लोकल परचेज कर उसे उपलब्ध कराया जाता है, ताकि मरीजों को बाहर से दवा खरीदने की जरूरत न पड़े।
उन्होंने एसएनओ व फार्मासिस्ट के स्टॉक रजिस्टर की भी जांच की। डॉ. सिंघल ने कहा कि पीजीआईएमएस हरियाणा का सबसे बड़ा रेफरल सेंटर है, जहां रोजाना हजारों मरीज आते हैं। ऐसे में दवाओं और उपकरणों की निरंतर सप्लाई सुनिश्चित की जाती है।
इस दौरान जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ मंजूनाथ ने बताया कि ओपीडी में मौजूद मरीजों ने सकारात्मक फीडबैक देते हुए कहा कि उन्हें समय पर डॉक्टर की सलाह, जांच व दवाएं मिल रही हैं और स्टाफ का व्यवहार भी सहयोगात्मक है।
Girish Saini 


