हवन से शुरू हुआ एमबीबीएस का छात्रों का सफर, सेवा का संकल्प लिया
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस, रोहतक में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ बुधवार को हवन-पूजन के साथ हुआ। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और स्टाफ ने हवन में आहुति देकर नए सत्र की मंगलकामना की।
पीजीआई निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों का संगम है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, ईमानदारी, मेहनत और सहानुभूति के साथ चिकित्सा शिक्षा हासिल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एमबीबीएस की यात्रा कठिन जरूर है, लेकिन सेवा को लक्ष्य बनाकर की गई पढ़ाई समाज के लिए संवेदनशील और कुशल चिकित्सक तैयार करती है।
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और अपनी जड़ों से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. विवेक मलिक, डॉ. संजय गुप्ता, डॉ. योगेश वशिष्ठ सहित संकाय सदस्य और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini

