स्वास्थ्य परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का होगा लाइव प्रसारण

जिला स्तरीय कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद कुमार शर्मा होंगे मुख्य अतिथि।

स्वास्थ्य परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का होगा लाइव प्रसारण

रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा 29 मई को पंचकूला में आयोजित स्वास्थ्य परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का जिला स्तर पर स्थानीय विकास भवन में सीधा प्रसारण किया जाएगा। इस मौके पर सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक आयोजित होगा।

उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं सुचारू संचालन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट शुभम को कार्यक्रम का ओवरऑल इंचार्ज नियुक्त किया गया है। सिविल सर्जन, रोहतक को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी बनाया गया है।

पुलिस अधीक्षक, रोहतक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं मीडिया कवरेज, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, एनआईसी को एलईडी, इंटरनेट, ऑडियो-वीडियो एवं लाइव टेलीकास्ट से संबंधित तकनीकी व्यवस्थाएं तथा फायर सेफ्टी अधिकारी को अग्निशमन संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा है कि सिविल अस्पताल, रोहतक में स्थापित किए जाने वाले स्वस्थ नारी सशक्त क्लिनिक के उद्घाटन तथा अमृत फार्मेसी स्टोर के शिलान्यास से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं भी नोडल अधिकारी द्वारा सुनिश्चित की जाएंगी।