आईपीएल का रोमांच अभी बाकी
कमलेश भारतीय
क्रिकेट का नया आईपीएल सीजन शुरू हुए दो दिन हो गये लेकिन अभी रोमांच का श्रीगणेश नहीं हुआ। पहले मैच में राॅयल चैलेंजर्स बंगलूर ने बड़ी आसानी से सिर्फ पंद्रह ओवर, एक गेंद पर ही 201 का लक्ष्य पूरा कर दिखाया और कहीं भी दो सौ रन पार करने के लिए संघर्ष करती नज़र नहीं आई। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान इशान किशन की 80 रनों की पारी एकदम बेकार गयी। साल्ट ने बाउंड्री पर इशान का जो कैच पकड़ा, वह भी टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ, नहीं कुछ रन और बन सकते तो कुछ संघर्ष देखने को मिलता।गेंदबाजों का सही उपयोग नहीं कर पाये और चौके छक्के आसानी से लगते गये। हां, उद्घाटन मैच में पिछले वर्ष ट्राफी जीतने के बाद विजयी अभियान में मची भगदड़ में जो ग्यारह क्रिकेट प्रेमी मारे गये थे, उनकी श्रद्धांजलि देते बंगलूर ने ग्यारह सीटें खाली रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की, जो हर मैच में दी जायेगी। काश! पिछले वर्ष भी इन्हें याद किया जातक तब तो आयोजक और खिलाड़ी दृश्य से एकदम गायब हो गये थे। शायद भीड़ के रोष से बचने का यही सही फैसला रहा होगा।
पहले दिन के मैच में कोई रोमांच, कोई संघर्ष नज़र नहीं आया। दस ओवर में ही परिणाम नज़र आने लगा था और वही हुआ। आईपीएल के किंग पहले दिन विराट कोहली रहे तो दूसरे दिन रोहित शर्मा। हालांकि यहां भी आईपीएल का रोमांच देखने को नहीं मिला। केकेआर से ओपनर्स की जोड़ी ही मुश्किल से टूटी, तब तक 220 का स्कोर बहुत कम लगने लगा था। लगता है दोनों मैचों में गेंदबाज निराश रहे। मुम्बई इंडियंज ने एक कीर्तिमान बनाया कि इस बार आईपीएल का पहला मैच जीत लिया। यही एक रिकॉर्ड बना। आईपीएल के हर सीजन में मुम्बई इंडियंज पहला मैच हारता ही आया। हार्दिक पंड्या ने एक ओवर 26 रन लुटाये, पर जीत में सब छिप जाता है । जसप्रीत बुमराह को विकेट तो नहीं मिला लेकिन रन रेट पर नियंत्रण रखने में सफल रहे जबकि वरुण चक्रवर्ती की रन लुटाने की समस्या जस की तस है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी पारी भी रंग नहीं ला सकी।
इस बार सीएसके को मिस्टर कूल यानी थाला रे थाला धोनी का साथ पहले कुछ मैचों में नहीं मिलेगा, उनकी घुटनों के साथ साथ पिंडलियों की समस्या भी शुरू हो गयी है, दूसरे उनका यह आखिरी आईपीएल साबित हो सकता है। वे 44 वर्ष तक खेलते रहने का रिकॉर्ड जरूर बना सकते हैं। दूसरी बात सीएसके को आलराउंडर रवींद्र जडेजा यानी जड्डू का साथ भी नहीं मिलेगा, वे राजस्थान रायल्ज की ओर से सीएसके के खिलाफ खेलेंगे और राजस्थान रायल्ज के कप्तान संजू सैमसन सीएसके में आ गये हैं और अपनी पुरानी टीम राजस्थान रायल्ज का सामना करेंगे। गेंदबाज पथिराना,जिसे धोनी ने निखारा, वे भी सीएसके की ओर से नहीं खेलेंगे।हरियाणा के भी कुछ नये खिलाड़ियों को आईपीएल की विभिन्न टीमों में जगहों मिली है। देखना यह भी दिलचस्प है कि लखनऊ जायंट्स अर्जुन तेंदुलकर को प्लेइंग इलेवन में मौका देगी या नहीं? क्या पता शादी के बाद किस्मत बदल जाये।
खैर! आने वाले मैचों में आईपीएल का संघर्ष और रोमांच देखने को जरूर मिलेगा। अभी तो विराट कोहली व रोहित शर्मा ने अपनी अपनी टीमों के लिए रन बना कर अपनी फाॅर्म दिखाई है। शार्दूल ठाकुर और डफ्फी ने तीन तीन विकेट लेकर मैचों का फैसला एकतरफा करने में भूमिका निभाई। चलो, देखते हैं आने वाले दिनों में कितना कुछ और कितने रिकॉर्डस बनते और टूटते हैं। छक्के जो कभी सलीम दुर्रानी मांग पर मारते थे, वे बिना मांगे लग रहे हैं।

Kamlesh Bhartiya 

