भरत मिलाप के मंचन ने रुलाया दर्शकों को, श्रीराम की बारात निकली
जरूरतमंद कन्या का विवाह कर उत्सव कमेटी ने पेश की सेवा की मिसाल
रोहतक, गिरीश सैनी। पुरानी आईटीआई मैदान में श्री रामलीला उत्सव कमेटी द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव के छठे दिन भरत मिलाप के भावपूर्ण मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। भगवान श्रीराम को देखते ही भरत का उनके चरणों में गिरना और श्रीराम का उन्हें गले लगाना देख दर्शकों की आंखें नम हो गईं। पूरा पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
कलाकारों ने सीता विदाई, श्रीराम के वनवास और केवट संवाद के प्रसंगों का भी सजीव मंचन किया। भरत द्वारा राजसिंहासन के बजाय श्रीराम की चरण पादुकाएं मांगने के दृश्य ने त्याग, कर्तव्य और भाईचारे का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हरिद्वार के मंगला आश्रम से पहुंचे स्वामी सुरेशानंद महाराज के सान्निध्य में कमेटी के मुख्य संरक्षक राजेश जैन सहित अन्य अतिथियों ने किया। इस दौरान बाबा बालक पुरी के डेरे से गाजे-बाजे के साथ भगवान श्रीराम की बारात निकाली गई। उत्सव कमेटी ने एक जरूरतमंद कन्या का विधि-विधान से विवाह करवाकर सामाजिक सरोकार की मिसाल भी पेश की।
दशहरा मेले में यूएचएसआर एवं सोटो के जागरूकता स्टाल पर लोगों को रक्तदान, अंगदान और देहदान के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही, दर्शकों को निशुल्क जैविक खाद भी वितरित की जा रही है। लजीज व्यंजनों व अन्य वस्तुओं के स्टाल और बच्चों के झूले भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

Girish Saini

