भाजपा को चुनावी वायदों का हिसाब देना पड़ेगाः दीपेंद्र हुड्डा

सांसद बोले - दो साल में हरियाणा विकास की पटरी से उतरा, किसानों से लेकर युवाओं तक हर वर्ग परेशान

भाजपा को चुनावी वायदों का हिसाब देना पड़ेगाः दीपेंद्र हुड्डा

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर उसके चुनावी वायदों, बेरोजगारी, किसान हितों और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा को जनता से किए वायदों का हिसाब और जवाब देना पड़ेगा। एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली कांग्रेस रैली में उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने बुजुर्गों को छह हजार रुपये मासिक पेंशन, महिलाओं को 2100 रुपये, 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर और किसानों को 24 फसलों पर एमएसपी देने का वादा किया था, लेकिन सरकार इन वायदों पर खरी नहीं उतरी। उन्होंने आरोप लगाया कि बाजरे की सरकारी खरीद नहीं होने से किसानों को एमएसपी से 900 से 1000 रुपये कम भाव पर फसल बेचनी पड़ रही है। धान की खरीद में भी कटौती हो रही है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा पर कर्ज बढ़कर 5.5 लाख करोड़ रुपये हो गया है, जबकि रोजगार, औद्योगिक विकास और खेल सुविधाओं के मामले में प्रदेश पिछड़ रहा है। उन्होंने बिजली वितरण के निजीकरण का विरोध करते हुए कहा कि इससे किसानों, ग्रामीण उपभोक्ताओं और गरीब परिवारों को नुकसान होगा। उन्होंने बिजली कर्मचारियों की मांगों का भी समर्थन किया।

हुड्डा ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, नशे और अपराध की समस्याएं बढ़ी हैं। इस दौरान सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, विधायक भारत भूषण बतरा सहित अन्य मौजूद रहे।