शिक्षक सिर्फ पढ़ाते नहीं, संस्कार देकर देश का भविष्य गढ़ते हैः डीसी सतबीर सिंह
शिक्षक दिवस पर उपायुक्त ने शिक्षकों को दी शुभकामनाएं।
रोहतक, गिरीश सैनी। शिक्षक दिवस के अवसर पर उपायुक्त सतबीर सिंह ने जिले के सभी शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों, संस्कार और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं। उनका मार्गदर्शन विद्यार्थियों के जीवन की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि एक अच्छे शिक्षक का प्रभाव कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह पूरी पीढ़ी के व्यक्तित्व और सोच को प्रभावित करता है।
डीसी सतबीर सिंह ने कहा कि भारत में हर वर्ष 5 सितंबर को महान शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर अध्यापक दिवस मनाया जाता है। उनका जीवन शिक्षा, ज्ञान और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि तकनीक और आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के दौर में शिक्षा का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। ऐसे में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारियों का विकास करना भी जरूरी है। उपायुक्त ने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे विद्यार्थियों को जिम्मेदार, संवेदनशील और संस्कारवान नागरिक बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

Girish Saini 

