शिक्षक किसी भी विवि की सबसे बड़ी शक्ति: कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ
मडूटा की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने वीसी व रजिस्ट्रार से की शिष्टाचार भेंट।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू शिक्षक संघ (मडूटा) के वर्ष 2026 के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने मंगलवार को कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ तथा कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल से शिष्टाचार भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल में मडूटा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. प्रदीप गहलोत, सचिव डॉ. महेश कुमार, कोषाध्यक्ष अरुण हुड्डा, कार्यकारी परिषद की सदस्य प्रो. दिव्या मल्हान, प्रो. सविता राठी सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। इस दौरान मडूटा पदाधिकारियों ने विवि में शिक्षकों के हितों, शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध संस्कृति तथा सकारात्मक अकादमिक वातावरण को मजबूत बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का विश्वास दिलाया।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने नवनिर्वाचित टीम को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक किसी भी विवि की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। उन्होंने कहा कि विवि प्रशासन और शिक्षक संघ के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय से शैक्षणिक उत्कृष्टता, गुणवत्तापूर्ण शोध और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि मडूटा की नई कार्यकारिणी विवि के विकास में रचनात्मक एवं सकारात्मक भूमिका निभाएगी।
कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवि प्रशासन शिक्षकों के हितों और संस्थान की प्रगति से जुड़े प्रत्येक रचनात्मक सुझाव का स्वागत करता है।
मडूटा अध्यक्ष डॉ. प्रदीप ने कहा कि नई कार्यकारिणी शिक्षकों के हितों की रक्षा के साथ-साथ विवि की शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को सशक्त बनाने के लिए प्रशासन के साथ सकारात्मक समन्वय स्थापित करते हुए कार्य करेगी।
Girish Saini 


