साहित्योत्सव अक्षरम में छाया सुपवा के छात्रों का फैशन शो

कला प्रदर्शनी में दिखाया छात्रों का हुनर।

साहित्योत्सव अक्षरम में छाया सुपवा के छात्रों का फैशन शो

रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा), रोहतक के विद्यार्थियों ने गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि, हिसार में आयोजित तीन दिवसीय साहित्योत्सव अक्षरम में अपनी नायाब प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। सुपवा के विद्यार्थियों ने फैशन शो के दौरान प्रोफेशनल मॉडल की तर्ज पर रैंप वॉक करते हुए पारंपरिक व आधुनिक भारतीय परिधान पेश किए।

गौरतलब है कि डीएलसी सुपवा को जीजेयू ने अक्षरम के लिए रचनात्मक साझीदार बनाया हुआ है। कुलपति डॉ अमित आर्य की अगुवाई में सुपवा से 140 विद्यार्थी, संकाय सदस्य व अन्य स्टाफ इस आय़ोजन में शिरकत कर रहे हैं।विभिन्न मंचों पर सुपवा के विद्यार्थी अफनी प्रस्तुतियों का जलवा बिखेर रहे हैं।

अक्षरम के दूसरे दिन शनिवार को सुपवा के विद्यार्थियों ने फैशन शो के दौरान रंग-बिरंगी रोशनी व अलग-अलग म्यूजिक की बीट्स पर सधे हुए कदमों के साथ कैटवॉक की। फैशन शो के दौरान प्रोफेशनल मॉडल की तरह छात्राओं ने विशेष तौर पर डिजाइन किए गए कपड़ों व अन्य उत्पाद के साथ आत्मविश्वास, सीधी पीठ व लयबद्ध कदमों के साथ रैंप वॉक की, जिस पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

वहीं, अक्षरम के पहले दिन ओपन थियेटर में सुपवा बैंड ने करीब 2 घंटे की रंगारंग प्रस्तुति दी। बैंड ने शिव शिव शंकरा से भगवान शिव को नमन करते हुए अपनी प्रस्तुति की शुरुआत की। वहीं, कार्यक्रम में आने वाले लोगों को अपने कार्य से अवगत कराने के उद्देश्य से डीएलसी सुपवा की ओर से एक कला प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें डिजाइन, विजुअल आर्ट्स, आर्किटेक्चर व फिल्म एवं टेलीविजन फैकल्टी में होने वाली गतिविधियां तथा विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए मॉडल व अन्य कार्य प्रदर्शित किए गए हैं। इस प्रदर्शनी की शुरुआत प्रख्यात गायक व संगीतकार अनु मलिक ने रिबन काटकर की। उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए सुपवा की गतिविधियों की सराहना की।