विद्यार्थियों को बी क्रिएटिव, बी इनोवेटिव का मंत्र दिया सुनित मुखर्जी ने
सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए किया प्रेरित।
रोहतक, गिरीश सैनी। बी क्रिएटिव, बी इनोवेटिव, कम्यूनिकेट विद कॉन्फिडेंस, बी सेल्फ डिसिप्लिनड का मन्त्र देते हुए, जीवन लक्ष्य तय कर कड़ी मेहनत से योजनाबद्ध तरीके से करियर तथा जीवन लक्ष्य प्राप्त करने का आह्वान एमडीयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के प्राध्यापक सुनित मुख़र्जी ने सेंटर फॉर मेडिकल बायोटेक्नोलॉजी में आयोजित विशेष व्याख्यान कार्यक्रम में विद्यार्थियों से किया।
प्रख्यात मोटिवेशनल स्पीकर सुनित मुखर्जी ने विद्यार्थी जीवन को स्वर्णिम काल बताते हुए कहा कि सफल जीवन की बुनियाद विद्यार्थी काल में रखी जाती है। इस समय का सदुपयोग कर, बेहतर समय प्रबंधन कर, अपने अध्ययन और करियर संबंधित यात्रा को सार्थक दिशा दी जा सकती है। उन्होंने डिजिटल मीडिया, विशेष रूप से सोशल मीडिया का उपयोग पर्सनल करियर ब्रांडिंग के लिए करने का परामर्श भी दिया। मुखर्जी ने विद्यार्थियों को सामाजिक सराकारों से जुड़ने, सामाजिक कुरीतियों का विरोध करने तथा सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान रोहतक स्पेशल टास्क फोर्स यूनिट के इंचार्ज नरेंद्र पाल ने कानून का पालन करने वाला नागरिक कैसे बने विषय पर अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थियों को कानून का सम्मान करना चाहिए और समाज के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की।
सीएमबीटी के निदेशक डॉ. हरि मोहन ने उत्कृष्टता प्राप्त करने के कौशल विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ सॉफ्ट स्किल्स विकसित करने पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने छात्रों को सक्रिय रूप से सीखने, समस्या-समाधान क्षमता बढ़ाने और निरंतर ज्ञान अपडेट करने के लिए प्रेरित किया।
उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और विशेषज्ञों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि हम स्वयं नशा नहीं करेंगे और न ही किसी अन्य को नशा करने देंगे। इस दौरान प्राध्यापक डॉ अमिता सुनेजा डंग, डॉ रश्मि भारद्वाज, डॉ अनिल कुमार सहित शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

Girish Saini 

