हरियाणा में बदलाव की हुंकार बनेगी छात्रों की गूंजः पूर्व सीएम हुड्डा
छात्रों की गूंज अभियान के पोस्टर का लोकार्पण किया।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने युवा कांग्रेस हरियाणा के छात्रों की गूंज अभियान के पोस्टर का लोकार्पण किया। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निशित कटारिया ने इस दौरान पूर्व सीएम हुड्डा को प्रदेशभर में छात्र व युवाओं के अधिकारों को लेकर चलाए जा रहे इस अभियान की विस्तृत जानकारी भी दी।
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने युवा कांग्रेस के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि आज प्रदेश का छात्र व युवा अपने भविष्य को लेकर सबसे अधिक चिंतित है। मेहनत करने वाले विद्यार्थियों के सपनों को बार-बार पेपर लीक और सरकारी लापरवाही ने तोड़ा है। ऐसे में युवा कांग्रेस का ये अभियान छात्रों के हक की लड़ाई को नई ऊर्जा देगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्र, युवाओं, किसानों, मजदूरों और आम जनता की आवाज़ रही है और आगे भी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कटारिया ने बताया कि युवा कांग्रेस की पूरी टीम आगामी 40 दिनों तक रोहतक में रहकर कॉलेजों और विवि में विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें उनके संवैधानिक अधिकारों, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती घोटालों और शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं के खिलाफ युवा कांग्रेस आवाज़ उठाएगी।
निशित कटारिया ने कहा कि जब छात्रों का भविष्य दांव पर हो, तब चुप्पी अपराध है। युवा कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ हर मोर्चे पर छात्रों की आवाज़ बनकर संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार देशभर में युवाओं, छात्रों, बेरोजगारों और वंचित वर्गों के अधिकारों की आवाज़ बुलंद कर रहे हैं। संसद से लेकर सड़क तक वे युवाओं के भविष्य, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक न्याय के मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। इस दौरान काफी संख्या में छात्र व युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Girish Saini 


