एसपी गौरव राजपुरोहित ने किया नियमित रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान

सेवा का महाअभियानः मेगा स्वास्थ्य शिविर में 400 लोगों की जांच, 93 यूनिट रक्तदान

एसपी गौरव राजपुरोहित ने किया नियमित रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान

रोहतक, गिरीश सैनी। रोटरी क्लब ऑफ रोहतक नेक्स्ट द्वारा भगवान प्रिसिजन प्राइवेट लिमिटेड, हिसार रोड पर कंपनी के चेयरमैन विजय पाल बंसल तथा सुमित्रा बंसल के मार्गदर्शन में एक मल्टी-स्पेशलिटी हेल्थ चेकअप एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में औद्योगिक क्षेत्र के कर्मचारियों सहित अन्य लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य जांच, कैंसर स्क्रीनिंग और विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।

शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित और समाजसेवी राजेश जैन ने किया। एसडीएम आशीष वशिष्ठ, भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल और डॉ. अरुण नरूला विशिष्ट अतिथि रहे।

एसपी गौरव राजपुरोहित ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा के सबसे पुनीत कार्यों में से एक है। उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। एसडीएम आशीष वशिष्ठ ने नियमित स्वास्थ्य जांच और बीमारी की शुरुआती पहचान को बेहतर स्वास्थ्य के लिए जरूरी बताते हुए औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों तक विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की सराहना की।

क्लब अध्यक्ष अतुल बंसल ने बताया कि शिविर में 400 से अधिक लोगों ने विशेष मोबाइल क्लिनिक वैनों में नि:शुल्क डिजिटल मैमोग्राफी, ईएनटी, नेत्र एवं दंत जांच की सुविधा का लाभ उठाया। रक्तदान शिविर में भी लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 93 यूनिट रक्त एकत्रित किया गया। इस दौरान समाजसेवी सुरेश बंसल, युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर, सुमित बंसल, डॉ. अपूर्व नरूला, ज्योति बंसल, सन्नी निझावन, डॉ. अर्जुन नरूला सहित क्लब सदस्य व गणमान्य जन मौजूद रहे।