ऑन-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में जीजेयू के छह विद्यार्थी चयनित
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के सौजन्य से वरुण बेवरेजेज लिमिटेड के ऑन-कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में एमबीए कार्यक्रम के छह विद्यार्थियों को प्लेसमेंट मिला है। चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि विवि का परिणाम-आधारित शैक्षणिक दृष्टिकोण विद्यार्थियों को गतिशील और प्रतिस्पर्धी कॉर्पोरेट वातावरण में सफल होने में मददगार है। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी।
वरुण बेवरेजेज लिमिटेड के वरिष्ठ प्रतिनिधियों सहित एचआर तरुण सोनी ने प्री-प्लेसमेंट संवाद सत्र में विद्यार्थियों को संगठन की कार्य संस्कृति, विभिन्न कार्यात्मक क्षेत्रों और परियोजना-उन्मुख कार्यों की जानकारी दी। प्लेसमेंट निदेशक डॉ. प्रताप सिंह ने बताया कि एमबीए विद्यार्थियों के लिए हुई इस बहु-चरणीय भर्ती प्रक्रिया में प्री-प्लेसमेंट सत्र और व्यक्तिगत साक्षात्कार शामिल रहे। सहायक निदेशक डॉ. आदित्य वीर सिंह ने बताया कि चयनित विद्यार्थियों में एमबीए जनरल से सिया मित्तल, नेहा, अनीता वर्मा, अनीता, एमबीए फाइनेंस से अनु और एमबीए इंटरनेशनल बिजनेस से आकाश शर्मा शामिल हैं।

Girish Saini 

