महम में सेवा सेतु शिविर, पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण
17 अक्तूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
महम, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत महम नगर पालिका क्षेत्र के पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सोमवार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में सेवा सेतु शिविर लगाया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों का पंजीकरण किया।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा एवं संकल्प के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक आसानी से पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से शिविरों का लाभ उठाने की अपील की।
सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक एवं नोडल अधिकारी मुकुंद तंवर ने बताया कि शिविर में बिजली, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, पशुपालन, सौर ऊर्जा, एमएसएमई, नगर पालिका और तहसील सहित विभिन्न विभागों ने भाग लिया। महम नगर पालिका चेयरपर्सन भारती पंवार ने अधिकारियों से पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने को कहा।
आगामी शिविर 13 अक्तूबर को महम बीडीपीओ कार्यालय, 14 अक्तूबर को मोखरा गांव की पाना खांडयान चौपाल और 15 अक्तूबर को फरमाणा गांव की ब्राह्मण धर्मशाला में शिविर लगेंगे।

Girish Saini

