फरमाणा में सेवा सेतु शिविर, पात्र ग्रामीणों का योजनाओं के लिए पंजीकरण
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह के निर्देशानुसार गांव फरमाणा में सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर पात्र ग्रामीणों का जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ के लिए पंजीकरण किया।
जिला प्रशासन के अनुसार, पंजीकृत पात्र व्यक्तियों को संबंधित योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकेगी। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ शीघ्रता से पहुंचाना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सेवा एवं संकल्प के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न मॉड्यूल के माध्यम से जन कल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
जिला प्रशासन ने सेवा सेतु शिविरों के संचालन के लिए महम सहकारी चीनी मिल के प्रबंध निदेशक मुकुल तंवर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। अभियान का लक्ष्य पात्र गरीब परिवारों को योजनाओं से जोड़कर उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करना है।

Girish Saini

